समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर हाईस्कूल के निकट गुरुवार की देर शाम बारिश के बीच पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों के जुटने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची डीआईयू की टीम पर कुख्यात मनीष सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में मनीष सिंह के दाएं पैर में गोली लग गई। वहीं, उसके साथ मौजूद एक अन्य बदमाश दिलीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जख्मी मनीष सिंह को पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पिछले दिनों मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के हरपुर एलौथ स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में हुई 1.49 लाख रुपये की लूट के मामले में की जा रही थी। इसी कांड में संदिग्ध बदमाशों की तलाश के लिए डीआईयू की टीम गंगापुर हाईस्कूल के निकट छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की गतिविधियों को देखकर वहां पर पहले से मौजूद मनीष सिंह ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की जिसमें वह जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी अरविंद प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और कार्रवाई से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। एसपी ने बताया कि फ्लिपकार्ट कार्यालय लूटकांड में पुलिस की छापेमारी चल रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस की गतिविधियों को देखकर खुद को घिरता हुआ महसूस किया और फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी एक राउंड फायरिंग की, जिसमें मनीष सिंह के पैर में गोली लगी। एसपी के मुताबिक, जख्मी बदमाश का सदर अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में इलाज कराया जा रहा है। वहीं, गिरफ्तार दिलीप कुमार से भी पूछताछ की जा रही है। वह ताजपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह किन-किन आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है।
कुख्यात मनीष सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ समस्तीपुर के अलावा वैशाली, मुजफ्फरपुर, नालंदा समेत अन्य जिलों में करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। इन मामलों में हत्या, लूट, छिनतई समेत अन्य संगीन अपराध शामिल हैं। मनीष सिंह पूर्व में पुलिस की टॉप-10 बदमाशों की सूची में भी शामिल रह चुका है।बताया जाता है कि मनीष सिंह पिछले आठ से नौ वर्षों से आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था। एसपी ने बताया कि मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
बयान :
फ्लिपकार्ट लूटकांड में छापेमारी के दौरान बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली कुख्यात मनीष सिंह के पैर में लगी है। उसके उपर कई थानों में गंभीर अपराधिक मामले दर्ज है। जख्मी बदमाश का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। उसके एक अन्य साथी दिलीप कुमार की भी गिरफ्तार हुई है। जांच के बाद ही पूरा मामला स्पस्ट हो सकेगा।
अरविंद प्रताप सिंह, एसपी, समस्तीपुर






